Thursday, November 11, 2010

पितृत्व भावनाएं

भावनाएं क्या स्त्रीओं को ही होती हैं? क्या पुरुष भावनाशुन्य हैं? या फिर सामाजिक व सांस्कृतिक औपचारिकताओं के वशीभूत पुरुषों को भावनाएं दर्शाना अनुचित है? और अगर नहीं, तो सारा साहित्य तथा अन्य सृजनात्मक अभिव्यक्तियाँ क्यों पौरुषिक भावनाओं से रिक्त हैं? मैं यहाँ पर कोमल भावनाओं कि बात कर रहा हूँ, न कि रौद्र रूपों की. 

कई दिनों से बहुत भावुक हो रहा हूँ चाहे हर्षोल्लास हो, श्रृंगार हो, प्रेम हो या आर्त्र-रौद्र भाव हों. लेकिन उतना ही इन भावों को सुसुप्त रखना, उन्हें व्यक्त न करना या कर पाने का साहस न जुटा पाने से अंतर्मन कुछ उलझा एवं व्यथित है. और शायद ऐसे ही  समय मनुष्य कुछ लेखन कर पाता है. 

पैत्रिक भावनाएं कुछ ज्यादह ही जोर मार रहीं हैं और मैं फिर कभी कभी बच्चों की शैक्षिक कमजोरियों के लिए अपने को दोषी ठहराता हूँ. पुत्री तो कॉलेज चली ही गयी है और पुत्र भी कॉलेज जाने की याचिकाओं में लगा है. और अब वो बड़े हो जाने से अपनी अपनी जिंदगी जी रहे हैं, जिनमें माता-पिता के लिए जगह की कमी है. खासकर पुत्र अपनी निजी जिंदगी की इतनी कम बातें करता है की लगता है वो अभी से दूर हो गया हो. 

मुझमें शायद मोह अधिक होने से दुःख भी अधिक पाता हूँ. पितृत्व भावनाएं आजकल कुछ ज्यादह ही जोर मार रहीं हैं, और मेरे मन को झकझोर रहीं हैं. साहस व धैर्य से इनको शांत रखकर जीवन पथ पर निरंतर बढ़ने के कामना के साथ लगा हुआ हूँ. 

लगे रहो, पप्पू भाई..... 

Tuesday, November 9, 2010

विरह की वेदना

विरह की वेदना के विषय में बहुत कुछ लिखा गया है, किन्तु शेष सभी सत्तात्मक अनुभुतीओं की तरह इसे भी तभी समझा जाया जाता है, जब तक स्वयं विरह की वेदना न सहें.

कुछ दिनों पहले पत्नी भारत यात्रा पर गयी और मैं लगभग १५ दिनों तक पुत्र के साथ रहा. यह पहला अवसर था जबकि मैं अपने स्वयं के घर में पत्नी के बगैर और बच्चों के साथ था. पहले काफी बार बच्चे और पत्नी भारत यात्रा पर गए और मैं महीने भर से भी ज्यादह अकेला रहा, लेकिन तब इतनी कमी महसूस नहीं हुई. और हाँ, घर के बाहर तो अकेलापन लिए हुए मैं २०-३० दिनों तक कई बार रहता हूँ, तब मुझे ज़रा भी एकांत प्रतीति नहीं होती.

शायद यह उम्र के कारण हो या फिर अपने ही घर में बच्चे के साथ उसको सम्हालते हुए रहने से. या यह भी हो सकता है कि व्यवसाय का तनाव जीवन साथी के संग हल्का होने की चाहत बढ़ा देता हो. जैसे भी हो, इस बार कमी खली बहुत. आशा रखता हूँ कि शीघ्र ही हिम्मत बढ़ जाए और मैं एकाकीपन का आदि हो जाऊं, क्यूंकि जीवन सत्य तो वही है एवं मेरे अपनी योजनाओं में अगले सारे प्रयास अकेले के ही हैं. एकाकी पीड़ा को सहते हुए जीवन निर्बाध गति से बढ़ता जाए यही प्रयत्नशील रहने की कामना के साथ, आज बस.

Monday, August 9, 2010

हमारे बगीचे के फूल

इस ग्रीष्म ऋतू में हमारे बगीचे में बहुत सुन्दर फूल खिलें हैं, आज उन्ही की फोटोस यहाँ पेश कर रहा हूँ. 

हमारी सामने वाली क्यारी
जुड़वां भाई 
पति और पत्नी 


तू आगे मैं पीछे 


घर के पिछवाड़े के फूल 


फूलों की बयार 


हमारे गुलाब 

और अंत में हैं पुदीने के फूलों का प्राकृतिक गुलदस्ता 

Wednesday, June 30, 2010

जून की भारत यात्रा के फोटो

आज ज्यादह कुछ लिखने का मूड नहीं है, इसीलिए स्वयं के लिए हुए फोटो से अपनी अभिव्यक्ति कर रहा हूँ. मुंबई का नया समुद्री पुल - ताज लैंड'स एंड होटल से

ताज महल में मैं आगरा का किला जरी काम


होटल अमर विलास

Wednesday, May 12, 2010

क्या मैं वही हूँ

बहुत दिनों से सोच रहा हूँ कि कुछ लिखूं पर कुछ समय का अभाव और कुछ मानसिक तनाव. सही कहें तो शायद संरचनात्मक कमी ही हो.

आज अभी थोडा स्वास्थ साथ नहीं दे रहा सो काम में मन नहीं लगा पा रहा हूँ, तो सोचा कुछ लेखन ही हो जाए.

आज कल अपनी महत्वाकांक्षाओं को कुछ लगाम दे रहा हूँ, पर मन विचलित हो जाता है, तब सोचता हूँ कि क्या मैं वही हूँ? या फिर शायद यही मनुष्य की प्रोढ़ता का परिणाम है?

हमारा अंतर्मन हमें कितना भटकाता है इसकी समझ शायद मेरे जैसा कोई मूढ़ ही कर सके, जो हर छोटो बड़ी बात पर इतना सोच विचार करता हो, जितना कि मैं. जब यह अंतर्मन मेरे विवेक पर काबू पा लेता है तब मेरी स्थिति किसी मदहोश व्यक्ति से कम नहीं होती. अंतर केवल इतना होता है कि वो नशा करके मदहोश होता है, और मैं बगैर नशे के.

शायद हमारे अंतर्मन को जीतना हमारी आत्मिक शक्ति ही कर सकती है, और उसे जगाने के लिए बहुतेक ध्यान ही सबसे कारगर उपाय जान पड़ता है. यह ध्यान भी शुक्ल हो तभी अंतर्मन संस्कारित सर्वहितकारी कार्य करने को प्रेरित करे,  अन्यथा नहीं. यह शुक्ल ध्यान, धर्म के सिवाय कहीं और से नहीं आ सकता; सो शायद इसीलिए कहा है कि धर्म ध्यान करना आवश्यक है.

Thursday, March 25, 2010

तुम्हें समर्पित, मेरी प्रिय शुभ्रा

प्रियतम मेरी   
हो तुम कितनी न्यारी,
अनूठी अनोखी अलग मेरी 'धवला'
सबसे निराली और मुझे अत्यधिक प्यारी.

तुम्हारे चित्त की एकाग्र स्थिरता
निखार देती है तुम्हारे मन की सुन्दरता
हमेशा ही मुस्कान बनी रहे अधरों पर
जो खिला देती है तुम्हारे चेहरे की सुन्दरता.

याद हैं मुझे, तुम्हारे सभी समर्पण
जिस पर निछावर है मेरा तन मन
झाँक लो तुम मेरे ह्रदय में समझ दर्पण
पाओगी प्रिये तुम पर है मेरा सर्वस्व अर्पण.
 
चलो चलें फिर जी लें उन्ही क्षणों को
जिनसे बनी थी हमारी पहली 'दिशा'
और जिन पलों ने जिलाया था 'ऋषि' को
पूर्ण होगी उन्हीं से हमारे भवितव्य की आशा.

तुम्हारी ४५वी वर्षगाठ पर हार्दिक बधाइयाँ

Monday, March 22, 2010

बुरा न मानो भई, बुरा न मानो

आज कल मेरे मन में यही एक बात बार बार आ रही है कि बुरा होता नहीं है, हम उसे बुरा मानते हैं.

लेकिन यह सब पता होने के बावजूद भी हम क्यों फिर अपने ही लोगों की बातों को दिल में लेकर बुरा मान बैठते
हैं, समझ नहीं आता. जीवन में जानना और समझना जितना जरूरी है उससे कहीं ज्यादा जरूरी है कि जो जानते हैं, उसे हम जीवन में उतारें.

अगर हम जो जैसा है उसे वैसा ही मान लें तो शायद हमें फिर किसी बात का बुरा नहीं लगेगा. पर यह हो कैसे? जीवन में इसे उतारें, कैसे? प्रश्न काफी सरल मालूम होतें हैं, परन्तु उनका उत्तर सही मायने में मानने के लिए बड़ा ही कठिन है.

यह कठिनाई आती है मुख्यतः हमारी चाहतों के कारण. क्योंकि हम दूसरों से जो आशाएं रखते हैं और चाहते हैं कि वे उन आशाओं पर खरे उतरें. हमारी यही चाहतें ही हमें हमारे ज्ञान से दूर ले जाकर हमें दूसरों के कृत्यों का या होनी का बुरा लगाती है, जिसके कारण हम या तो दुखी हो जाते हैं या नाराज. और अगर गुस्सा काबू में नहीं किया तो फिर अपने ही लोगों और अपने पर ही ज्यादतियां कर बैठते हैं.

इसलिए यह प्रण एक बार फिर कि सबको स्वीकारें और किसीभी बात या व्यक्ति का बुरा न मानें.